
दिलदारनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: साइबर ठगी के शिकार पीड़ित के 94,936 रुपये कराए वापस
गाजीपुर / दिलदारनगर:
पुलिस अधीक्षक महोदय, जनपद गाजीपुर के निर्देशन में अपराधों की रोकथाम और साइबर धोखाधड़ी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना दिलदारनगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष महोदय श्री संतोष कुमार राय के कुशल नेतृत्व में साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 94,936 रुपये वापस कराए गए हैं।
यह सफलता थाना दिलदारनगर के अंतर्गत ग्राम नटपुरवा निवासी अभिषेक कुमार (पुत्र मार्कण्डेय राय) के मामले में मिली है। उनके साथ 95,000 रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने 1930 साइबर पोर्टल पर दर्ज कराई थी।
सराहनीय पुलिस कार्य:
थानाध्यक्ष श्री संतोष कुमार राय के निर्देशन में साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात हेड कांस्टेबल अमित सिंह और कांस्टेबल गुरु प्रसाद द्विवेदी ने इस मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस टीम के अथक प्रयासों से 94,936 रुपये की धनराशि को संबंधित खाते में होल्ड/लीन कराया गया। इसके पश्चात, न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गाजीपुर के आदेश (प्रकीर्ण फौजदारी प्रार्थना पत्र सं0-3443/2026) के अनुपालन में, कोर्ट ऑर्डर के जरिए संबंधित बैंक को मेल कर पीड़ित की 94,936 रुपये की धनराशि उनके हक में अवमुक्त कराते हुए उनके बैंक खाते में सकुशल वापस करा दी गई है।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से अपनी गाढ़ी कमाई का वापस पाकर पीड़ित अभिषेक कुमार ने गाजीपुर पुलिस और विशेष रूप से दिलदारनगर थाने की साइबर टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया है। यह कार्यवाही क्षेत्र में साइबर अपराधियों के मंसूबों को पस्त करने और आम जनमानस में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करती है।